
कुबेर को बंदी बनाकर रावण ने उनके साम्राज्य पर किया कब्जा, रामलीला में हुआ रावण जन्म और अत्याचार का मंचन
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। पुरानी कोतवाली में चल रही श्रीरामलीला के दूसरे दिन शनिवार की रात श्री आदर्श रामलीला मंडल जनकपुर (सीतामढ़ी), बिहार के कलाकारों ने रावण जन्म और रावण के अत्याचारों का प्रभावशाली मंचन किया। रावण के बढ़ते अत्याचारों से देवताओं से लेकर पृथ्वी लोक तक हाहाकार मच गया। उसके आतंक से ऋषि-मुनि और देवता भी परेशान हो उठे।

रामलीला की शुरुआत भगवान श्रीराम, भगवान विष्णु और रामायण की आरती के साथ हुई। इसके बाद कलाकारों ने रावण जन्म और उसके अत्याचारों का मंचन किया। मंचन के दौरान दिखाया गया कि रावण ने सबसे पहले कुबेर को बंदी बनाकर उनके पूरे साम्राज्य पर कब्जा कर लिया। इसके बाद वह अपनी राक्षसी सेना के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में बाधा डालने लगा और देवताओं को परेशान करने लगा।

रावण के अत्याचारों से तीनों लोकों में त्राहि-त्राहि मचने लगी। देवता, ऋषि-मुनि और पृथ्वीवासी उसके आतंक से मुक्ति पाने के लिए भगवान शिव की शरण में पहुंचे। रामलीला के दौरान दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।