
कुरुथुआ गांव की पुलिया के पास बाइक सवार बदमाशों ने रोका, मोबाइल और बाइक की चाबी लेकर हुए फरार
मार्टिनगंज-जौनपुर मार्ग पर वारदात से मचा हड़कंप, डायल 112 पुलिस जांच में जुटी
हिंदी न्यूज़ 24
बरदह, आजमगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुरुथुआ गांव की पुलिया के निकट बुधवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने चाकू और असलहे के बल पर फेरी लगाकर कपड़े बेचने वाले युवक को लूटने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाश युवक का मोबाइल और बाइक की चाबी लेकर फरार हो गए। मौके पर डायल 112 पुलिस पहुंचकर जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, सीतापुर जनपद के संभोर थाना क्षेत्र के हजरतगंज गांव निवासी 30 वर्षीय राजू पुत्र लडन निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा बाजार में किराये का कमरा लेकर रहता है। वह बाइक पर चादर समेत अन्य कपड़े रखकर गांव-गांव घूमकर बेचने का काम करता है। बुधवार दोपहर वह मार्टिनगंज-जौनपुर मार्ग से जा रहा था। इसी दौरान कुरुथुआ गांव की पुलिया के पास पीछे से आए दो बाइक पर सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने चाकू और असलहा दिखाकर राजू से मोबाइल, बाइक की चाबी और नकदी मांगी। राजू ने बताया कि अभी सामान की बिक्री नहीं हुई है। इसी बीच पास में पंचायत भवन का निर्माण कर रहे मजदूर मौके की ओर आने लगे। लोगों को आता देख बदमाश बाइक लेकर जौनपुर की ओर जमुहाई तक भाग निकले।
बताया गया कि बदमाश रास्ते में पैदल जा रहे एक बुजुर्ग को बाइक की चाबी और मोबाइल देकर यह कहते हुए आगे निकल गए कि भीड़ में फेरी वाले को दे देना। घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।