नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


अपहृता की बरामदगी के बाद पुलिस ने दरियाबाद पुल के पास से दबोचा, न्यायालय में पेश कर भेजा चालान

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। थाना मुबारकपुर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित चल रहे 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को दरियाबाद पुल के पास से गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार मुबारकपुर थाना क्षेत्र के जलालपुर निवासी कमल दीप ने 3 सितंबर को तहरीर दी थी कि उनकी भान्जी 28 अगस्त को राखी बांधने के लिए उनके घर आई थी। 31 अगस्त को वह स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश शुरू की तो पता चला कि इब्राहिमपुर (भलवरिया) निवासी बृजेश कुमार उसे रास्ते से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
तहरीर के आधार पर मुबारकपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0322/2026 के तहत धारा 137(2) और 87 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया।
दरियाबाद पुल के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक गुरुवार को उपनिरीक्षक रूपम वर्मा हमराह पुलिसकर्मियों के साथ वांछित आरोपी की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान बृजेश कुमार को दरियाबाद पुल के पास सुबह करीब 11:05 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी का चालान न्यायालय कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *