108 मीटर के भारत मंडल में दिखा ‘विकसित भारत’ का संकल्प, 1000 से अधिक खिलाड़ियों ने रचा मानव रंगोली का भव्य दृश्य

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ में जनपद के 24 विकासखंडों में सजीं वृहद रंगोलियां, प्राकृतिक रंगों से उकेरे गए राष्ट्रीय प्रतीक और जनकल्याणकारी योजनाओं के संदेश

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जिलेभर में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के अंतर्गत वृहद रंगोली निर्माण कराया गया। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में 108 मीटर व्यास के विशाल भारत मंडल और मानव रंगोली ने लोगों का ध्यान खींचा। इसमें 1000 से अधिक खिलाड़ियों और छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर एकता, राष्ट्रभावना और विकसित भारत-2047 का संदेश दिया।
सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने किया। खिलाड़ियों और विद्यार्थियों ने मानव समूह के जरिए आकर्षक आकृतियां बनाईं। ड्रोन और एरियल कवरेज के माध्यम से मानव रंगोली की भव्यता को भी दर्ज किया गया। बारिश के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह कम नहीं हुआ।
रंगोलियों में दिखी योजनाओं से लेकर विकसित भारत की तस्वीर
सीडीओ राकेश कुमार पटेल ने कहा कि ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के जरिए केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। रंगोली में राष्ट्रीय प्रतीकों, भारत के मानचित्र और वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को रचनात्मक तरीके से प्रदर्शित किया गया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी सिराजुद्दीन ने बताया कि अभियान के तहत पूरे एक माह तक खिलाड़ियों और युवाओं की सहभागिता से विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे। इनमें फिट इंडिया, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वच्छता, योग-ध्यान, प्लास्टिक मुक्ति, शिक्षा सहयोग, अंगदान संकल्प, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण और मतदाता जागरूकता जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
24 विकासखंडों में प्राकृतिक सामग्री से सजी रंगोली
जिला विकास अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि जिले के सभी 24 विकासखंडों में महिलाओं, कलाकारों, विद्यार्थियों और स्वयं सहायता समूहों ने मिलकर वृहद रंगोलियां तैयार कीं। फूल, प्राकृतिक रंग, अनाज और मिट्टी जैसी सामग्री का इस्तेमाल कर रंगोलियों में जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों, भारत के मानचित्र और विकसित भारत-2047 के संदेश उकेरे गए।
इन रंगोलियों में भारत की ‘विविधता में एकता’ की झलक भी दिखाई दी। अलग-अलग स्थानों पर तैयार रंगोलियों के जरिए सेवा, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रभावना का संदेश दिया गया।
विश्वविद्यालय से स्कूलों तक विद्यार्थियों ने सजाई रंगोली
महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, राजकीय मेडिकल कॉलेज, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक समेत बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों व महाविद्यालयों में भी रंगोली कार्यक्रम हुए। विद्यार्थियों ने प्राकृतिक रंगों और अन्य सामग्री से शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को रंगों में उकेरा।
स्टेडियम कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह, उप क्रीड़ा अधिकारी जय प्रकाश यादव समेत अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *