चौकीदार के परिजनों को गंभीरपुर पुलिस ने दी ₹22,500 की आर्थिक सहायता

आजमगढ़ शहर

थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने जुटाई सहयोग राशि, विभागीय सहायता दिलाने का भी दिया भरोसा
बलरामपुर। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले थाने में तैनात चौकीदार रामनगीना के परिजनों की मदद के लिए गंभीरपुर पुलिस ने संवेदनशील पहल करते हुए ₹22,500 की आर्थिक सहायता प्रदान की। थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने आपसी सहयोग से राशि एकत्र कर मृतक के परिवार को सौंपी।
बताया गया कि 5 अगस्त की शाम करीब 5 बजे सद्दोपट्टी निवासी एवं गंभीरपुर थाने में तैनात चौकीदार रामनगीना की पिकअप वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से जूझ रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी पुलिसकर्मियों के साथ मृतक के घर पहुंचे, जहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी। इसके बाद आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की सहायता के लिए थाना परिसर के पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से सहयोग राशि एकत्र की। संकलित ₹22,500 की नकद सहायता परिजनों को सौंपते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
थाना प्रभारी ने कहा कि मृतक के परिजनों को विभागीय एवं शासन स्तर से मिलने वाली सभी पात्र सहायता उपलब्ध कराने का भी पूरा प्रयास किया जाएगा।
गंभीरपुर पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने कठिन समय में पीड़ित परिवार के प्रति पुलिस द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता को सराहनीय कदम बताया। इस अवसर पर उपनिरीक्षक योगेश सरोज, हेड कांस्टेबल शाहिद कमाल सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *