भैरव बाबा धाम पहुंचे डीएम-एसएसपी, कांवड़ मेले की तैयारियों का लिया जायजा

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश, भैरव बाबा धाम के पर्यटन विकास का भी बनाया जाएगा प्रस्ताव
आजमगढ़। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने महराजगंज स्थित भैरव बाबा धाम का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर में दर्शन-पूजन कर मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, मानसरोवर तालाब तथा आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा के सभी इंतजाम समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का समुचित विकास करना है। इसी क्रम में भैरव बाबा धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे। साथ ही मंदिर परिसर के आसपास दुकानों को सुव्यवस्थित ढंग से लगाने तथा खुले कुएं पर मजबूत लोहे की जाली लगाने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर के निकट सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कांवड़ मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, महिलाओं की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी तथा तालाब में स्नान और जल भरने आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के समय उप जिलाधिकारी सगड़ी, नगर पंचायत महराजगंज के अधिशासी अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *