लगातार बारिश से दो मंजिला मकान का बारजा ढहा, मलबे में दबकर दो बच्चियां गंभीर घायल

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

अहरौला के पारा फुलवरिया बाजार में हुआ हादसा, दुकान क्षतिग्रस्त, दुकानदार का हज़ारो में नुकसान
आजमगढ़। लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार को अहरौला थाना क्षेत्र के पारा फुलवरिया बाजार में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां इकबाल पुत्र माजिज के दो मंजिला मकान का बारजा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय नीचे संचालित जनरल स्टोर की दुकान पर ग्राहक मौजूद थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बारजा गिरने से दुकान में मौजूद एक ग्राहक और उसकी माता को मामूली चोटें आईं, जबकि इकबाल के साडू अकबर की पुत्रियां रेशमा और दूसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबी बच्चियों को बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार, एक घायल बच्ची का इलाज माहुल के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि दूसरी बच्ची का उपचार फुलवरिया के एक निजी चिकित्सक के यहां कराया जा रहा है। दोनों की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
बारजा गिरने से नीचे स्थित जनरल स्टोर की दुकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार दुकानदार को ₹50 हजार से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण जर्जर भवन कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे भवनों का सर्वे कराकर आवश्यक कार्रवाई करने और संभावित हादसों को रोकने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *