आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर


समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, ई-ऑफिस व आईजीआरएस का प्रशिक्षण अगले सप्ताह अनिवार्य


आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बिजली बाधित होने की स्थिति में सीएचसी एवं पीएचसी में वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन विभागों ने 40 प्रतिशत से अधिक शिकायतकर्ताओं से संपर्क नहीं किया है, उन्हें चेतावनी जारी की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं आईजीआरएस पोर्टल की नियमित समीक्षा करते हैं, इसलिए शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए और असंतुष्ट फीडबैक की स्थिति न बनने दी जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन गांवों से सबसे अधिक शिकायतें या असंतुष्ट फीडबैक मिल रहे हैं, वहां स्वयं जाकर शिकायतकर्ताओं से मुलाकात करें और मौके पर समस्याओं का समाधान करें। साथ ही किसी भी प्रकरण को डिफॉल्टर श्रेणी में न जाने देने के निर्देश दिए।
बैठक में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन पर भी जोर देते हुए नव नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को अगले सप्ताह ई-ऑफिस एवं आईजीआरएस प्रणाली का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *