
रौनापार के पहाड़पुर गांव की घटना, मोबाइल और पेन ड्राइव से हुई मृतक की पहचान
बलरामपुर। रौनापार थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव नीम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर गांव निवासी अच्छेलाल पटेल पुत्र स्वर्गीय रामजस पटेल के घर से कुछ दूरी पर स्थित नीम के पेड़ पर शनिवार सुबह ग्रामीणों ने एक युवक का शव लटका देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल रौनापार थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव की तलाशी लेने पर उसकी जेब से मोबाइल फोन और पेन ड्राइव बरामद हुई। मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क किए जाने के बाद मृतक की पहचान प्रदीप कुमार (करीब 32 वर्ष) पुत्र बलिहारी, निवासी बालाजानी रचनपट्टी के रूप में हुई।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।