
2 सितंबर तक मिजवां में रहेगी टीम, विभिन्न संस्थानों और गतिविधियों की होगी शूटिंग
आजमगढ़। प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता शबाना आजमी के साथ नम्रता गोयल, विकास यादव और स्नेहा योहान सहित टीम शनिवार को फैशन शो की तैयारियों और शूटिंग कार्यक्रम के लिए मिजवां पहुंची। टीम के सदस्यों का दो सितंबर तक मिजवां में रहने का कार्यक्रम है।

मिजवां के संस्थानों और गतिविधियों की होगी शूटिंग
इस दौरान टीम की ओर से मिजवां में संचालित विभिन्न संस्थानों और गतिविधियों की शूटिंग की जाएगी। टीम कैफी आजमी कंप्यूटर सेंटर, कैफी आजमी गर्ल्स इंटर कॉलेज, स्पोर्ट्स अकादमी, एंब्रॉयडरी सेंटर और ब्यूटीशियन सेंटर सहित विभिन्न स्थानों का दौरा करेगी।

शिक्षा और महिला सशक्तिकरण की गतिविधियां होंगी प्रस्तुत
शूटिंग के माध्यम से मिजवां में संचालित शिक्षा, कौशल विकास, खेल और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियों को प्रस्तुत किया जाएगा। फैशन शो की तैयारियों के साथ ही इन संस्थानों में चल रहे कार्यों और यहां से जुड़ी महिलाओं व युवाओं की गतिविधियों को भी शूटिंग में शामिल किया जाएगा।