
पूजा-पाठ के नाम पर महिला को बातों में उलझाकर बालियां, लॉकेट और पांच हजार रुपये ऐंठे थे
आजमगढ़ पुलिस ने तीन शातिरों को पकड़ा, चंदौली में जेवर खरीदने वाला सोनार भी गिरफ्तार
आजमगढ़। पुत्र प्राप्ति का झांसा देकर महिलाओं को बातों में उलझाकर टप्पेबाजी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर घटना में ठगे गए तीन हजार रुपये, चांदी की एक जोड़ी पायल और पर्स बरामद किया गया। वहीं, ठगे गए सोने के जेवर खरीदने वाले चंदौली के एक सोनार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
सोनोग्राफी कराने के बाद महिला को बनाया था निशाना
रानी की सराय थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला 19 अगस्त को बिलरिया की चुंगी स्थित सोगरा सोनोग्राफी सेंटर पर सोनोग्राफी कराने गई थी। शाम करीब 4:45 बजे वह चाय पीने के लिए बिलरिया की चुंगी तिराहे की ओर जा रही थी। इसी दौरान चौराहे से पहले दो अज्ञात लोगों ने उसे बातचीत में उलझा लिया। आरोपियों ने पूजा-पाठ और पुत्र प्राप्ति की बातें करते हुए महिला को विश्वास में लिया। इसके बाद बहला-फुसलाकर उसके कानों की बालियां, गले का लॉकेट और पर्स में रखे पांच हजार रुपये निकलवा लिए और फरार हो गए। महिला की तहरीर पर कोतवाली थाने में 19 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुखबिर और सर्विलांस से मिली आरोपियों की जानकारी
घटना के बाद पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से पुलिस को आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। 28 अगस्त को पुलिस ने रोडवेज बंधा के पास से शाम 4:33 बजे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान असलम खां (50), अरशद वारसी (27) और इरफान अली (39) के रूप में हुई है। तीनों मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के जावरा स्थित हुसैन टेकरी के रहने वाले हैं।
58 हजार रुपये में बेच दिया था सोने का सामान
पूछताछ में असलम खां ने पुलिस को बताया कि 19 अगस्त को बिलरिया की चुंगी पर महिला को पुत्र प्राप्ति का झांसा देकर ठगी की गई थी। महिला के कान का सोने का झाला और गले का मंगलसूत्र चांदनी बाजार, दुल्हीपुर, चंदौली स्थित हर्ष ज्वैलर्स पर 58 हजार रुपये में बेचा गया था। आरोपी के मुताबिक, जेवर को उसके सामने ही गला दिया गया। महिला के पर्स में रखे रुपये आरोपियों ने निकाल लिए थे। वहीं, पर्स में रखी चांदी की पायल को पर्स सहित झाड़ियों में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन हजार रुपये, चांदी की एक जोड़ी पायल और पर्स बरामद किया।
चंदौली पुलिस की मदद से सोनार भी पकड़ा गया
आजमगढ़ पुलिस ने चंदौली पुलिस से समन्वय स्थापित कर ठगी का सोना खरीदने वाले सोनार सुरेश सेठ (50) को भी गिरफ्तार कर लिया। वह ग्राम मडया नई बस्ती पड़ाव, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली का निवासी है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 430/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार करने वाली टीम
उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, उपनिरीक्षक मिथिलेश प्रजापति, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार मिश्रा, कांस्टेबल अभिषेक कुमार सरोज, गिरजा शंकर, राहुल पांडेय, जितेंद्र कुमार यादव, अवधेश सिंह, हिमांशु मिश्रा, जितेंद्र यादव और सर्विलांस सेल के कांस्टेबल बसंत पुलिस टीम में शामिल रहे।