
कोतवाली और पवई थाना की साइबर टीम ने अलग-अलग मामलों में पीड़ितों की पूरी रकम कराई वापस; खाते फ्रीज कर तकनीकी और वैधानिक प्रक्रिया से मिली सफलता
आजमगढ़। साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आजमगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में पीड़ितों के कुल 67,999 रुपये वापस कराए हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र में महिला के खाते से निकाले गए 19,999 रुपये, जबकि पवई थाना क्षेत्र में यूपीआई फ्रॉड से निकाले गए 48,000 रुपये पुलिस की कार्रवाई के बाद पीड़ितों के खातों में वापस कराए गए।
यूट्यूब चलाते समय खाते से निकल गए 19,999 रुपये
कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली हिना शर्मा के मोबाइल पर यूट्यूब चलाते समय अचानक खाते से 19,999 रुपये निकलने का मैसेज आया। उन्होंने तत्काल साइबर हेल्प डेस्क पहुंचकर शिकायत की। साइबर सेल प्रभारी उ0नि0 सागर कुमार रंगू और टीम ने संबंधित बैंक खातों में रकम होल्ड कराने की कार्रवाई की। इसके बाद पूरी धनराशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी गई।
यूपीआई फ्रॉड में 48 हजार रुपये की पूरी रकम वापस
पवई थाना क्षेत्र के ग्राम खुरचंदा निवासी रामचन्द्र यादव के यूनियन बैंक खाते से यूपीआई के जरिए 48 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर टीम ने रकम का पता लगाकर संबंधित खाते को फ्रीज कराया और कोर्ट ऑर्डर के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। 21 अगस्त को पूरी 48 हजार रुपये की रकम पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील
आजमगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान कॉल, लिंक, मैसेज या यूपीआई अनुरोध पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। बैंक खाते की जानकारी, OTP, UPI PIN और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।