जहरीले जंतु के काटने से पांच वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर

गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सराय पलटू गांव की घटना; उपचार के लिए अस्पताल ले गए परिजन, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया


आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सराय पलटू गांव में बृहस्पतिवार देर रात जहरीले जंतु के काटने से पांच वर्षीय मासूम सिवान यादव की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
भोर में मिली जहरीले जंतु के काटने की सूचना
बताया गया कि सिवान की मां पूजा यादव करीब दो महीने से अपने मायके में रह रही थीं। शुक्रवार को उसके पिता राम प्रसाद यादव पत्नी और बच्चों को घर लाने वाले थे। इसी बीच शुक्रवार भोर करीब पांच बजे परिजनों को सूचना मिली कि सिवान को किसी जहरीले जंतु ने काट लिया है।
सूचना मिलते ही परिजन तत्काल ननिहाल पहुंचे और मासूम को उपचार के लिए ठेकमा स्थित निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे लालगंज स्थित 100 शैया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन सिवान को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार
मासूम का शव परिजन घर ले आए। बाद में जौनपुर स्थित राजघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। सिवान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो वर्षीय एक बहन भी है। बेटे की मौत से माता-पिता समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *