
ठाकुरद्वारा मंदिर के पास ट्यूबवेल परिसर की पानी की टंकी से बरामद हुआ शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बलरामपुर। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत कटघर लालगंज स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर के समीप गुरुवार शाम पानी की टंकी में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक की पहचान मुन्ना (35) पुत्र रामसमुझ, निवासी ग्राम अछीछी, थाना गंभीरपुर के रूप में हुई है। वह एक ढाबे पर कार्य करता था। मुन्ना चार भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार में पत्नी नीलम, मां चंपा तथा पांच वर्षीय पुत्र है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे मसीरपुर निवासी मनोज सिंह के ट्यूबवेल परिसर में बनी पानी की टंकी में एक शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।