एसबी इंटर कॉलेज की छत से गिरकर परिचारक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


15 साल से विद्यालय में कर रहे थे सेवा, सफाई के दौरान पैर फिसलने से सड़क पर गिरे; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
देवगांव के लहुआ कला स्थित विद्यालय में हादसे से मची अफरा-तफरी, दो पुत्रों के सिर से उठा पिता का साया

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुआ कला स्थित एसबी इंटर कॉलेज में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसे में विद्यालय के परिचारक धर्मेंद्र कुमार सिंह (47) की मौत हो गई। छत की साफ-सफाई करते समय अचानक पैर फिसलने से वह नीचे सड़क पर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र को आनन-फानन में लालगंज स्थित 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिवार में कोहराम छा गया।
जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के प्रेमराजपुर शेरवा गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से एसबी इंटर कॉलेज में परिचारक के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार दोपहर वह विद्यालय की छत पर साफ-सफाई करने गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गेट के पास से नीचे सड़क पर जा गिरे। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद विद्यालय के कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। सूचना मिलने पर देवगांव पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आजमगढ़ भेज दिया। पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
धर्मेंद्र कुमार सिंह की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी ज्योति सिंह बदहवास हो गईं, वहीं मां चमेली देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। लंबे समय से विद्यालय में सेवा दे रहे धर्मेंद्र की अचानक मौत से परिजनों, परिचितों और विद्यालय परिवार में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *