
बेटी और नवजात से मिलने लखनऊ जा रहे थे पत्रकार, रास्ते में नींद आने पर किनारे खड़ी की थी कार; पीछे से आए अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
बेटी से मिलने की अधूरी रह गई ख्वाहिश, हादसे की खबर से परिवार में मचा कोहराम; पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में आजमगढ़ के पत्रकार रघुवंश मणि त्रिपाठी (52) की मौत हो गई। वह पवई थाना क्षेत्र के पवई गांव के निवासी थे। बेटी और नवजात से मिलने लखनऊ जा रहे रघुवंश मणि की रास्ते में हादसे के दौरान जान चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि परिचितों और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रघुवंश मणि त्रिपाठी की पुत्री ने बच्चे को जन्म दिया था और वह लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती थी। बेटी और नवजात से मिलने के लिए वह गुरुवार तड़के करीब दो बजे अपनी कार से अकेले लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में लगभग 100 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद उन्हें नींद आने लगी। इसके बाद उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बाईं ओर किनारे अपनी कार खड़ी कर दी और आराम करने लगे।
बताया जा रहा है कि आजमगढ़ से लखनऊ जाने वाले मार्ग पर 89वें किलोमीटर के पास सुबह करीब चार बजे पीछे से आए किसी बड़े वाहन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रघुवंश मणि त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। रघुवंश मणि को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अयोध्या स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।
जिस बेटी और नवजात से मिलने के लिए वह घर से निकले थे, उनसे मुलाकात करने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों और शुभचिंतकों का रो-रोकर बुरा हाल है। पवई क्षेत्र सहित पूरे इलाके में शोक का माहौल है।