भारत को जानो प्रश्न मंच में प्रतिभा निकेतन और सेंट जेवियर्स स्कूल ने मारी बाजी

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 17 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, विजेता बच्चों को किया गया सम्मानित
जूनियर वर्ग में सेंट जेवियर्स हाई स्कूल सम्मोपुर और सीनियर वर्ग में प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज एटलस टैंक के विद्यार्थियों ने हासिल किया प्रथम स्थान

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। भारत विकास परिषद, शाखा आजमगढ़ के तत्वावधान में आयोजित अखिल भारतीय विद्यालय स्तरीय परीक्षा ‘भारत को जानो’ के अंतर्गत प्रश्न मंच प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को नगर के प्रतिष्ठित पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल के भव्य हॉल में आयोजित प्रतियोगिता में जनपद के 17 विद्यालयों से चयनित विद्यार्थियों ने जूनियर और सीनियर वर्ग में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज, एटलस टैंक, आजमगढ़ की कक्षा 11 के अभय कुमार और संजू यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, जूनियर वर्ग में सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, सम्मोपुर की कक्षा सात के ऐश्वी पांडेय और सदानंद गोंड़ ने बाजी मारी।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
प्रश्न मंच प्रतियोगिता के बाद सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत विकास परिषद के प्रांतीय संरक्षक अशोक अग्रवाल, मुख्य अतिथि शिव गोविंद सिंह, प्रांतीय गतिविधि सह संयोजक सीताराम पांडेय, जिला समन्वयक बद्री प्रसाद गुप्त, शाखा अध्यक्ष डॉ. देवेश दूबे, सचिव कौशल कुमार राय, कोषाध्यक्ष आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति सिंह और प्रबंधक राघवेंद्र सिंह सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण किया गया तथा वंदे मातरम् का गायन हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
देश के बारे में जानने का मिलता है अवसर
प्रतियोगिता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले धनंजय पांडेय और जय प्रकाश को परिषद के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ सदस्यों ने सम्मानित किया। मुख्य अतिथि शिव गोविंद सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। इससे बच्चों को अपने देश के इतिहास, संस्कृति और विभिन्न विषयों के बारे में जानने का अवसर मिलता है।
भारत विकास परिषद की आजमगढ़ शाखा के अध्यक्ष डॉ. देवेश दूबे ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन होता है। साथ ही, विभिन्न विद्यालयों के बच्चों को एक मंच पर आकर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
प्रांतीय पदाधिकारी सीताराम पांडेय ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को सामने लाने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं।
प्रतिभागी विद्यालयों और विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
‘भारत को जानो’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तर पर जूनियर और सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ विद्यालय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यालयों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक बद्री प्रसाद गुप्त ने किया। अंत में शाखा अध्यक्ष डॉ. देवेश दूबे ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *