11 सितंबर को घर से निकली, पति का आरोप-गांव का युवक बहला-फुसलाकर ले गया; तलाश में आरोपी के घर पहुंचे पति से गाली-गलौज और लाठी-डंडे से दौड़ाने का भी आरोप
हिंदी न्यूज़ 24
अतरौलिया। तीन बच्चों को छोड़कर एक विवाहिता के कथित तौर पर गांव के ही युवक के साथ चले जाने का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी को गांव का युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इतना ही नहीं, घर से निकलते समय वह करीब दो लाख रुपये के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई। पत्नी के अचानक गायब होने के बाद पति ने पुलिस की शरण ली।
मामला अतरौलिया थाना क्षेत्र का है। एफआईआर में दर्ज तहरीर के मुताबिक शिकायतकर्ता की पत्नी को गांव का ही त्रिपुरारी शर्मा उर्फ अनी शर्मा, पुत्र रमाकांत शर्मा, 11 सितंबर को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पति का कहना है कि विवाहिता अपने साथ करीब दो लाख रुपये के जेवर और 10 हजार रुपये नकद भी ले गई।
तीन मासूमों को छोड़ अचानक गायब हुई मां
शिकायतकर्ता के मुताबिक उसके तीन छोटे बच्चे हैं। इनमें 13 वर्षीय बेटा, 10 वर्षीय बेटा और सात वर्षीय बेटी शामिल हैं। पत्नी के इस तरह चले जाने से बच्चों की जिम्मेदारी अब पिता के सामने आ गई है।
पत्नी की तलाश में आरोपी के घर पहुंचा पति, मचा हंगामा
तहरीर के अनुसार पत्नी की तलाश करते हुए पति जब रमाकांत शर्मा के घर पहुंचा तो वहां कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज की गई। आरोप है कि उसे लाठी-डंडे से मारने के लिए दौड़ा लिया गया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से पत्नी को बरामद कराने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई।
तीन धाराओं में मुकदमा, जांच शुरू
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 87, 352 और 131 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर 16 सितंबर की रात 1:59 बजे दर्ज की गई। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार को सौंपी गई है।
फिलहाल पुलिस विवाहिता की तलाश और पति की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच में जुटी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि विवेचना के बाद ही स्पष्ट होगी।