24 घंटे के अंदर गोरखपुर रेलवे स्टेशन से बरामद हुए आजमगढ़ के दो गुमशुदा किशोर

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर

सिधारी पुलिस की तत्परता से मिली सफलता, परिजनों ने पुलिस का जताया आभार
एक किशोर घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन विद्यालय नहीं पहुंचा, तलाश में जुटी पुलिस टीम ने दोनों को सकुशल बरामद किया

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र से लापता हुए दो किशोरों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर गोरखपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों किशोरों की बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और आजमगढ़ पुलिस की तत्परता के लिए हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को सिधारी थाना क्षेत्र के ग्राम मुहम्मदल्ला निवासी संजय कुमार पुत्र दुवर राम ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका करीब 12 वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार घर से नौरंग इंटर कॉलेज, निबी में पढ़ने के लिए निकला था, लेकिन विद्यालय नहीं पहुंचा। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सिधारी में मु0अ0सं0 421/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना सिधारी के नेतृत्व में किशोरों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए तलाश तेज कर दी।
इसी क्रम में 15 अक्टूबर को उपनिरीक्षक शिवम द्विवेदी ने हमराही पुलिसकर्मियों के साथ गोरखपुर रेलवे स्टेशन से दोनों किशोरों को सकुशल बरामद कर लिया। बरामद किशोरों की पहचान आर्यन कुमार पुत्र संजय कुमार, निवासी ग्राम मुहम्मदल्ला, थाना सिधारी, उम्र करीब 12 वर्ष और आकाश राजभर पुत्र उमेश राजभर, निवासी ग्राम निबी, थाना रानी की सराय, उम्र करीब 14 वर्ष के रूप में हुई।

दोनों किशोरों के सकुशल मिलने से उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस के अनुसार, परिजनों को सूचना देने के साथ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवम द्विवेदी, कांस्टेबल अखिलेश कुमार गौंड और रिजर्व कांस्टेबल इरफान खान शामिल रहे। आजमगढ़ पुलिस ने कहा कि जनपद में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और उनकी सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *