टीकापुर तिराहे पर सड़क जाम और पुलिस से धक्का-मुक्की के आरोप में आठ गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


एम्बुलेंस और आमजन का रास्ता रोकने का आरोप, लाठी-डंडों से सड़क अवरुद्ध करने के मामले में तहबरपुर पुलिस की कार्रवाई
सड़क दुर्घटना के बाद 14 अक्टूबर को हुआ था हंगामा, पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और यातायात बाधित करने के आरोप में दर्ज हुआ था मुकदमा

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र के टीकापुर तिराहे पर सड़क दुर्घटना के बाद सड़क जाम कर हंगामा करने और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की व गाली-गलौज करने के मामले में पुलिस ने आठ वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान सड़क अवरुद्ध होने से एम्बुलेंस, स्कूली बच्चों, राहगीरों और आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न हुई थी। मामले में तहबरपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और सात सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे टीकापुर तिराहे पर सड़क दुर्घटना के संबंध में कुछ लोगों ने घायल व्यक्ति के परिजनों को उकसाकर सड़क जाम कर दिया था। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने लाठी-डंडों के साथ सड़क अवरुद्ध कर दी और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की तथा गाली-गलौज की। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। जाम के कारण मरीजों, एम्बुलेंस और अन्य राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा तथा क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
उपनिरीक्षक की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा
घटना के संबंध में उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी की तहरीर पर 14 अक्टूबर को थाना तहबरपुर में मुकदमा संख्या 156/2026 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2), 190, 191(2), 126(2), 121(1), 125, 109(1), 221 तथा सात सीएलए एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घरों पर दबिश देकर आठ आरोपियों को पकड़ा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तहबरपुर पुलिस ने 15 अक्टूबर को आरोपियों के घरों पर दबिश दी। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर के मार्गदर्शन तथा थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान आठ वांछित अभियुक्तों को सुबह करीब छह बजे हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन किया गया और अभियुक्तों के परिजनों को सूचना दी गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में शिवनाथ गुप्ता (23) और राधेश्याम गुप्ता (33), निवासी ग्राम मेढ़ी, थाना तहबरपुर; मोहम्मद अजमल (44), निवासी ग्राम मेढ़ी; मनीष यादव (24) और मंगेश यादव (22), निवासी ग्राम चिरावल, थाना तहबरपुर; त्रिभुवन यादव (30), निवासी ग्राम फत्तनपुर, थाना निजामाबाद; लोकेश यादव (31), निवासी ग्राम ददरा, थाना तहबरपुर; तथा राधेश्याम प्रजापति (33), निवासी ग्राम सरदहां, थाना तहबरपुर, जनपद आजमगढ़ शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त लोकेश यादव के विरुद्ध वर्ष 2022 में भी थाना तहबरपुर में भारतीय दंड संहिता की धारा 308, 323, 325, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज होने का आपराधिक इतिहास है।
सड़क जाम न करने की पुलिस की अपील
आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी घटना के विरोध में सड़क जाम कर आम लोगों, मरीजों और एम्बुलेंस के आवागमन को बाधित न करें। सड़क जाम होने से मरीजों की जान खतरे में पड़ सकती है और आमजन को भी अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। पुलिस ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और अपनी शिकायतों के समाधान के लिए निर्धारित वैधानिक माध्यमों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *