मिशन शक्ति अभियान: आजमगढ़ के 26 थानों में 94 जागरूकता कार्यक्रम, 2,550 लोग हुए जागरूक

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


एंटी रोमियो स्क्वाड ने 1,106 व्यक्तियों की जांच की, दो गिरफ्तार, 455 को दी गई चेतावनी
शारदीय नवरात्रि पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष अभियान, 504 निजी टैक्सी व वाहनों का भी हुआ सत्यापन

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए आजमगढ़ पुलिस की ओर से मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। गुरुवार को जनपद के सभी 26 थानों में 94 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 2,010 महिलाएं एवं बालिकाओं और 540 पुरुषों समेत कुल 2,550 लोगों ने प्रतिभाग किया।
अभियान के दौरान एंटी रोमियो स्क्वाड ने 57 स्थानों पर चेकिंग कर 1,106 व्यक्तियों की जांच की। इस दौरान दो व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया, जबकि 455 व्यक्तियों को चेतावनी दी गई। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी करने वाले 47 वाहनों का चालान किया गया तथा 504 निजी टैक्सी एवं अन्य वाहनों की जांच कर सत्यापन किया गया।
महिलाओं और बालिकाओं को अधिकारों के प्रति किया जागरूक
मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत जनपद की 65 ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिला बीट पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महिलाओं तथा बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 1076, 181, 112, 102 और 108 के उपयोग के बारे में बताया गया। कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 के संबंध में भी जागरूक किया गया।
प्रचार सामग्री का भी किया गया वितरण
जागरूकता अभियान के तहत लोगों को जानकारी देने के लिए 1,912 प्रिंटेड प्रचार सामग्री वितरित की गईं, जबकि 12 ऑनलाइन सॉफ्ट कॉपी भी साझा की गईं। पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों के निर्देशन में चला अभियान
यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन, वाराणसी एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र के निर्देशन में चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज एवं पर्यवेक्षण अधिकारी आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में पुलिसकर्मियों ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की।
आजमगढ़ पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *