मिशन शक्ति अभियान: 300 छात्राओं को मिला करियर गाइडेंस, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बताए गुर

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत UPSC, UPPSC, NEET, JEE Main, NDA और CDS की तैयारी की दी गई जानकारी
रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई करने के लिए किया गया प्रेरित

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं छात्राओं को करियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 300 छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, निःशुल्क मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में किया गया।
अधिकारियों ने छात्राओं को दिया मार्गदर्शन
कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट/आईएएस सिद्धार्थ सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक सदर ईश्वर लाल गुर्जर, क्षेत्राधिकारी कौस्तुभ त्रिपाठी और जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने छात्राओं को करियर निर्माण के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। अधिकारियों ने छात्राओं को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए नियमित अध्ययन तथा योजनाबद्ध तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत UPSC, UPPSC, UPSSSC एवं अन्य भर्ती बोर्डों की परीक्षाओं के साथ ही JEE Main, NEET, NDA, CDS, बैंकिंग, SSC, B.Ed. और TET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण के बारे में बताया गया। छात्राओं को उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता पर जोर
मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर निर्माण के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा। अधिकारियों ने छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर मेहनत करने और विभिन्न सरकारी योजनाओं से मिलने वाले अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *