
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधेड़ युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शेरवा गांव निवासी दिनेश उर्फ मधुर निषाद (40) पुत्र रम्मू निषाद के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मजदूरी के लिए घर से निकले थे
परिजनों के अनुसार दिनेश मंगलवार सुबह मजदूरी करने के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इसी दौरान अतरैठ बाजार के पास मच्छरहटा स्थित रपटा पुल के निकट उनका शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पत्नी ने जताई हत्या की आशंका
मृतक की पत्नी आशा ने बताया कि सुबह सुरेश नाम का व्यक्ति उन्हें सीमेंट उतारने के लिए अपने साथ ले गया था। घर से निकलते समय दिनेश ने काम से लौटने के बाद ससुराल जाने की बात कही थी, लेकिन कुछ देर बाद अतरैठ में उनका शव मिलने की सूचना मिली।
पत्नी का आरोप है कि शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका प्रतीत होती है। उनका कहना है कि मृतक के कपड़े भी फटे हुए थे और उन्हें लगता है कि हत्या करने के बाद शव को वहां फेंका गया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दिनेश निषाद अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और तीन पुत्रियों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दुबे ने बताया कि परिजनों की ओर से डूबने के संबंध में तहरीर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।