
आजमगढ़। थाना अतरौलिया पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही हैंडपंप चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक बाल अपचारी समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के दो हैंडपंप, उनके कल-पुर्जे तथा घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है।
हैंडपंप उखाड़कर ले गए थे आरोपी
पुलिस के अनुसार भीलमपुर छपरा निवासी पतिराम प्रजापति ने तहरीर देकर बताया कि 2 अगस्त की रात करीब 10 बजे ई-रिक्शा से आए छह लोगों ने उनके घर के बाहर लगा हैंडपंप उखाड़ लिया और लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना अतरौलिया में मुकदमा अपराध संख्या 305/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
मामले की जांच चौकी प्रभारी बुढ़नपुर उपनिरीक्षक विश्वजीत पाण्डेय के नेतृत्व में शुरू की गई। घटना के बाद तीन आरोपियों को स्थानीय लोगों और पीड़ित की मदद से पकड़ लिया गया था। वहीं फरार चल रहे आशुतोष पाण्डेय, सचिन यादव और सूरज मिश्रा को मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर कम्पोजिट विद्यालय भैरोपुर (कोयलसा) के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में किया खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन पटेल (18), शेरु उर्फ आदित्य सिंह (21), आशुतोष पाण्डेय (19), सचिन यादव (19), सूरज मिश्रा (18) तथा एक 15 वर्षीय बाल अपचारी के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ई-रिक्शा से घूम-घूमकर हैंडपंप चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
बरामदगी
चोरी के 2 हैंडपंप
हैंडपंप के कल-पुर्जे
घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में चौकी प्रभारी बुढ़नपुर उपनिरीक्षक विश्वजीत पाण्डेय, कांस्टेबल उमेश कुमार, अजीत कुमार, राजकरन सोनकर तथा रिक्रूट कांस्टेबल उत्कर्ष सिंह शामिल रहे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया।