सड़क पार कर रहे वृद्ध को डीसीएम ने रौंदा, मौत

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


फरिहा में ईदगाह के पास देर रात हादसा, आजमगढ़ के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा, पुलिस ने चालक को पकड़ा

हिंदी न्यूज़ 24
बलरामपुर। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा कस्बे में रविवार देर रात सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय वृद्ध को तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मातादीन यादव की आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी श्यामा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
फरिहा निवासी रामकिशोर यादव के पुत्र मातादीन यादव का मकान फरिहा-सरायमीर मुख्य मार्ग पर ईदगाह के पास है। रविवार देर रात वह किसी काम से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सरायमीर की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल मातादीन को आजमगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर निजामाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डीसीएम और उसके चालक को भी पकड़ लिया।
थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए चालक की पहचान चंद्रदेव पुत्र रामाश्रय निवासी शाहगंज, जौनपुर के रूप में हुई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मातादीन यादव के तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सभी का विवाह हो चुका है। वृद्ध की मौत से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *