ह्यूम पाइप की पुलिया में फंसा युवक का पैर, एक घंटे तक चला रेस्क्यू

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जमुवारी-सोनौरा संपर्क मार्ग पर हुआ हादसा, पुलिस-राजस्व टीम ने ग्रामीणों की मदद से युवक को सकुशल निकाला

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। थाना क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाके में गुरुवार की शाम जमुवारी-सोनौरा संपर्क मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ह्यूम पाइप से बनी पुलिया पार करते समय एक युवक का पैर दो पाइपों के बीच फंस गया। पैर घुटने तक फंस जाने से युवक करीब एक घंटे तक पुलिया में फंसा रहा। ग्रामीणों, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे सकुशल बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, रौनापार पश्चिम पट्टी निवासी सूरज कुमार (25) गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे अपने दोस्त विवेक कुमार को सोनौरा छोड़ने के लिए जमुवारी-सोनौरा संपर्क मार्ग से जा रहा था। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में ह्यूम पाइप से बनी पुलिया पार करते समय अचानक उसका पैर पाइपों के बीच बने गैप में फंस गया। पैर घुटने तक फंस जाने के कारण सूरज दर्द से कराहने लगा और मदद के लिए शोर मचाया।

युवक की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने अपने स्तर से पैर निकालने का प्रयास किया, लेकिन पाइपों के बीच पैर बुरी तरह फंस जाने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे, उपनिरीक्षक मधुसूदन मिश्र और राजस्व निरीक्षक श्यामसुंदर यादव पुलिस व राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेने के बाद ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया।

समाजसेवी प्रदीप सहाय और ग्रामीणों की मदद से छेनी-हथौड़ी के जरिए पुलिया को काटने का काम शुरू किया गया। काफी सावधानी और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पाइपों के बीच फंसे सूरज के पैर को बाहर निकाला जा सका।

पैर बाहर निकलते ही सूरज ने राहत की सांस ली। पुलिस के अनुसार युवक पूरी तरह सकुशल है। रेस्क्यू के बाद उसे उसके घर पहुंचा दिया गया।

थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि युवक का पैर पुलिया के पाइपों के बीच फंस गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *