
गंभीरपुर के मुडहर गांव में खेत की जुताई के दौरान हादसा, परिवार में मचा कोहराम
मृतक साकिब चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था, परिजनों ने ट्रैक्टर बदलने का लगाया आरोप
हिंदी न्यूज़ 24
बरदह/आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुडहर गांव में सोमवार सुबह करीब 10 बजे खेत की जुताई के दौरान दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। गांव के ही ट्रैक्टर पर सवार होकर खेत की जुताई कराने जा रहा बालक अचानक नीचे गिर गया और पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान साकिब उर्फ प्रधान पुत्र अमर उर्फ अमीर, निवासी मुडहर गांव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सोमवार सुबह साकिब गांव के ट्रैक्टर चालक के साथ खेत की जुताई के लिए गया था। इसी दौरान वह अचानक ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, परिजनों ने ट्रैक्टर बदलने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, साकिब चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी तीन बहनें भी हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। मृतक के पिता दिव्यांग हैं और उसका एक भाई भी दिव्यांग है। ग्रामीणों के अनुसार, साकिब परिवार के खर्च में सहयोग करता था।
बेटे की मौत के बाद मां आशिया समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की जानकारी मिलने पर गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। महज 13 वर्ष की उम्र में साकिब की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।