20 लाख से अधिक के कर्ज और आर्थिक तंगी से था परेशान, आम के बाग में पेड़ से लटका मिला शव
बलरामपुर। महराजगंज थाना क्षेत्र के देवारा तुर्कचारा गांव में बुधवार शाम आम के बाग में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार युवक कर्ज और कारोबार में आई मंदी के कारण लंबे समय से मानसिक तनाव में था।
मृतक की पहचान गांव निवासी 28 वर्षीय मनोज तिवारी के रूप में हुई है। वह कर्ज लेकर शादी-विवाह एवं अन्य आयोजनों के लिए डेकोरेशन का व्यवसाय करता था। इसी दौरान उसने मकान का निर्माण भी कराया था। परिजनों का कहना है कि कारोबार लगातार मंदा पड़ने से उस पर 20 लाख रुपये से अधिक का कर्ज हो गया था। आर्थिक तंगी के चलते वह काफी परेशान रहता था और रात में नींद की दवा भी खाता था।
बताया गया कि बुधवार दोपहर मनोज घर से निकला था। देर शाम गांव के कुछ लोग शौच के लिए सिवान की ओर गए तो घर से करीब 500 मीटर दूर आम के बाग में उसका शव साड़ी के सहारे पेड़ से लटकता मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
महराजगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। मनोज दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।