दहेज की मांग पर विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति समेत पांच पर मुकदमा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

सिधारी थाने में दर्ज हुई एफआईआर, पति, ससुर, सास, जेठ और जेठानी पर गंभीर आरोप
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति समेत पांच ससुरालियों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति, ससुर, सास, जेठ और जेठानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता शिखा सिंह के अनुसार उसकी शादी 2 मई 2025 को अभिषेक सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल के अन्य सदस्य दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता ने पति और ससुर पर शराब पीकर मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।
पीड़िता का कहना है कि वह हालात सुधरने की उम्मीद में ससुराल में रहकर सब कुछ सहती रही। इस बीच 9 अगस्त 2026 को उसकी दादी की मौत हो गई। आरोप है कि 22 अगस्त को दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों ने उसके साथ विवाद किया, जिसके बाद वह मायके चली गई।
एफआईआर के मुताबिक, 24 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे पीड़िता के साथ पति और ससुर ने कथित तौर पर मुक्के और डंडे से मारपीट की। इसमें उसके बाएं हाथ, गर्दन और बाएं पैर में चोट लगने का आरोप है। पीड़िता ने घटना की सूचना 112 नंबर पर भी दी थी।
पुलिस ने 25 अगस्त को सिधारी थाने में दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं 3 व 4 तथा भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2) और 85 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक बलेंद्र कुमार यादव को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *