

आजमगढ़ में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण, 14 लाभार्थियों को करीब 15 लाख की सहायता
आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के पोर्टल एवं वेबसाइट का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र में किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि UPCOS के माध्यम से आउटसोर्स कर्मियों को सम्मान, सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। कर्मचारी का मानदेय सीधे उसके बैंक खाते में भेजा जाएगा। प्रत्येक माह की पांच तारीख तक पारिश्रमिक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। साथ ही निर्धारित श्रेणी के अनुसार 20 से 50 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर भी मिलेगा।
नई व्यवस्था के तहत आउटसोर्स कर्मचारी अपनी सेवा संबंधी जानकारी, उपस्थिति, भुगतान और कटौती का विवरण ऑनलाइन देख सकेंगे। शिकायत दर्ज कर उसका स्टेटस भी जाना जा सकेगा।
14 लाभार्थियों को करीब 15 लाख की सहायता
आजमगढ़ में श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत 14 लाभार्थियों को करीब 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। इसके अलावा नगर पालिका की ओर से चार सफाई कर्मियों को सेफ्टी जैकेट और सुरक्षा किट प्रदान की गई।
उप श्रमायुक्त राजीव सिंह ने कहा कि आउटसोर्स कर्मियों के हितों की रक्षा और पारदर्शी मानव संसाधन प्रबंधन के लिए जिले में UPCOS पोर्टल को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, नगरपालिका कर्मचारी और बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मी मौजूद रहे।