डीआईओएस के औचक निरीक्षण में खुली विद्यालयों की पोल, 12 शिक्षक मिले गायब

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


गंदे शौचालय, जर्जर भवन और छात्रावास में भी अव्यवस्था; प्रधानाचार्य और कर्मचारियों को फटकार
आजमगढ़। जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार ने बुधवार को जिले के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों और छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अव्यवस्थाएं, गंदगी और कर्मचारियों की अनुपस्थिति सामने आने पर डीआईओएस ने संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
रामकृष्ण विद्यामंदिर इंटर कॉलेज, चांदपुर पटवध में दोपहर 1:15 बजे निरीक्षण के दौरान एक भी छात्र उपस्थित नहीं मिला। निर्धारित समय दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय संचालन के बावजूद 12 शिक्षक पहले ही विद्यालय से जा चुके थे। इस पर डीआईओएस ने प्रधानाचार्य को कड़ी चेतावनी दी।
विद्यालय के शौचालय बेहद गंदे मिले। भवन जर्जर होने के साथ छत से पानी का रिसाव, सीलन और परिसर में जलभराव भी मिला। डीआईओएस ने छत की मरम्मत, साफ-सफाई और भवन की सुरक्षा के निर्देश दिए।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बगवार में निरीक्षण के दौरान शौचालय में गंदगी मिलने पर क्लीनर को फटकार लगाई गई। इसके बाद छात्रावास का निरीक्षण किया गया, जहां वार्डेन बिनु सिंह और दो परिचारक मनीष व अरविंद कुमार अनुपस्थित मिले। छात्रावास के नलों से पानी टपकता मिला। डीआईओएस ने तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कराने और छात्राओं को रोस्टर व मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीआईओएस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि विद्यालयों में साफ-सफाई, पठन-पाठन और छात्राओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *