अनुदेशकों की समस्याओं पर मंथन, नियमितीकरण और मानदेय वृद्धि को लेकर बनी रणनीति

आजमगढ़ आजमगढ़ शहर

मानदेय वृद्धि, सुप्रीम कोर्ट की नोटिस और संगठन की मजबूती को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने अनुदेशकों से एकजुट होकर संघर्ष का किया आह्वान

आजमगढ़। नगर के कोल बाजबहादुर स्थित एक विद्यालय परिसर में रविवार को अनुदेशक संघ आजमगढ़ के तत्वावधान में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुदेशकों की ज्वलंत समस्याओं, मानदेय वृद्धि, नियमितीकरण और सुप्रीम कोर्ट में चल रही प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी रणनीति तैयार की गई।


बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे संघ के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह का जिलाध्यक्ष गणेश यादव एवं महिला जिलाध्यक्ष अंजू राय के नेतृत्व में अनुदेशकों ने स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अनुदेशकों के हितों की लड़ाई संगठन पूरी मजबूती से लड़ रहा है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी नोटिस के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि नियमितीकरण और मानदेय वृद्धि के मुद्दे पर संगठन कानूनी और लोकतांत्रिक दोनों स्तरों पर संघर्ष जारी रखेगा।


बैठक में ब्लॉक स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, विद्यालयों में आ रही प्रशासनिक एवं व्यावहारिक समस्याओं के समाधान तथा भविष्य की संगठनात्मक गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने सभी अनुदेशकों से एकजुट रहकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।


कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष गणेश यादव ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों एवं जनपद भर से पहुंचे अनुदेशकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में हुई भागीदारी संगठन की एकजुटता और मजबूती का प्रतीक है।


बैठक को ताड़केश्वर शाही, अभिषेक राय, प्रवीण कुमार सिंह, मनोज कुमार राय और पंकज चौधरी ने भी संबोधित किया। इस दौरान महिला जिलाध्यक्ष अंजू राय, सुषमा, निवेदिता, रीमा, रिंकी गोंड, संतरा पटेल, दीपु, रेनू, लालचंद यादव, मिथिलेश यादव, हरेंद्र यादव, प्रमोद यादव, श्रीकांत यादव, अमरजीत यादव, रविशंकर मिश्रा, दिलीप यादव, दिनेश पाल, दिनकर प्रजापति, रामचंद्र सहित बड़ी संख्या में अनुदेशक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *