पौधरोपण अभियान की 12 जुलाई को शुरूआत, जिले में रोपे जाएंगे 65 लाख पौधे

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर

शासन ने जीएस नवीन कुमार को जिले में नियुक्त किया है नोडल अधिकारी

नोडल अधिकारी ने तैयारियों को लेकर की बैठक, दिए दिशा निर्देश

आजमगढ़। पौधरोपण महाभियान के तहत इस बार जिले को 65 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य मिला है। रविवार से इस अभियान की शुरूआत हो रही है। जिसकी तैयारी को लेकर एक बैठक शनिवार को हुई। जिसमें प्रदेश सरकार द्वारा नामित नोडल अधिकारी जीएस नवीन कुमार ने तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश दिए।


डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत प्रदेश में 12 जुलाई को एक ही दिन 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत जिले को 65 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य मिला है। इस महाअभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सफल आयोजन हेतु शासन द्वारा नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा तथा जीएस नवीन कुमार (आईएएस), सदस्य न्यायिक राजस्व परिषद को नोडल अधिकारी नामित किया है। उन्होंने बताया कि पौधरोपण महायज्ञ के तहत 12 जुलाई को सुबह 07 बजे विकास खंड पल्हनी की ग्राम पंचायत तमौली में नोडल अधिकारी जीएस नवीन कुमार जनसहभागिता के साथ पौधरोपण करेंगे। इसके बाद दिन में 12 बजे एसकेपी मैदान, गंभीरवन, नया आरटीओ ऑफिस रोड पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा जनभागीदारी के साथ पौधरोपण करेंगे। बैठक में पौधों की उपलब्धता, रोपण स्थलों की तैयारी, विभागवार लक्ष्य, जनप्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता, पौधों के संरक्षण तथा कार्यक्रम के प्रभावी संचालन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में सीडीओ परीक्षित खटाना, अपर आयुक्त प्रमोद पांडेय, प्रभागीय वनाधिकारी, सीआरओ संजीव ओझा, एसडीएमसदर नरेंद्र गंगवार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *