
नवनियुक्त जिला प्रभारी व प्रदेश उपाध्यक्ष का भाजपा जिला कार्यालय पर जोरदार स्वागत, बोले—सरकार की उपलब्धियों और संगठन की ताकत से जनता तक पहुंचेंगे
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त आजमगढ़ जिला प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह का सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय पर जोरदार स्वागत किया गया। जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
इससे पहले प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश मिश्रा गुड्डू के नेतृत्व में भवरनाथ चौराहे पर डॉ. धर्मेंद्र सिंह का स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।

भाजपा जिला प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें आजमगढ़ का जिला प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वह दो बार गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। आजमगढ़ से उनका पुराना राजनीतिक जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में हुए उपचुनाव में दिनेश लाल यादव निरहुआ सांसद चुने गए थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल में गरीब कल्याण से जुड़ी अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की ओर से किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत के निर्माण और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नए उत्तर प्रदेश के निर्माण का कार्य चल रहा है। सरकार की उपलब्धियों, आजमगढ़ के कर्मठ कार्यकर्ताओं और जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करते हुए पार्टी आगामी चुनाव में आजमगढ़ में भी कमल खिलाने के लिए काम करेगी।
कार्यक्रम में विनोद राय, संतोष सिंह, अखिलेश मिश्रा गुड्डू, धनश्याम पटेल, सत्येंद्र राय, रामदर्शन यादव, मंजू सरोज, देवेंद्र सिंह, लक्ष्मण मौर्या, कृष्ण पाल, जयनाथ सिंह, हरेंद्र सिंह, शिवनाथ सिंह, नन्हकू राम सरोज, पवन सिंह मुन्ना, ऋषिकेश दुबे, सचिदानंद सिंह, मृगांक शेखर, विवेक निषाद, जितेंद्र राय, मुंशी निषाद समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।