
टूटी नालियां, खराब इंटरलॉकिंग, स्ट्रीट लाइट और जर्जर बिजली खंभों को लेकर नागरिकों में नाराजगी, सभासद ने चेयरमैन और ईओ को दिए ज्ञापनों के बावजूद कार्रवाई न होने का लगाया आरोप
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शहर के गुरुटोला-अनंतपुरा वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को लेकर नागरिकों का आक्रोश सामने आया। समस्याओं से नाराज वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एक साल से अधिक समय से वार्ड की कई समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं।
नागरिकों के अनुसार वार्ड में कई स्थानों पर नालियां क्षतिग्रस्त हैं। नालियों पर पटिया नहीं होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। कई जगह इंटरलॉकिंग भी खराब पड़ी है। सफाई व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नियमित साफ-सफाई नहीं होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कहीं दिनभर जलती हैं स्ट्रीट लाइटें, कहीं अंधेरा
वार्डवासियों ने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कुछ स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें दिन-रात जलती रहती हैं, जबकि कई हिस्सों में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से रात में अंधेरा रहता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
पीने के पानी के लिए लगाई गई प्याऊ की टंकियों के रखरखाव पर भी नागरिकों ने सवाल उठाया। उनका कहना है कि टंकियों की नियमित सफाई और देखरेख नहीं होने से उनमें पेड़-पौधों की टहनियां तक पहुंच गई हैं। इससे पानी की स्वच्छता को लेकर चिंता बनी हुई है।
जर्जर बिजली खंभों को लेकर भी जताई चिंता
वार्ड में जर्जर बिजली के तार और क्षतिग्रस्त खंभों को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कुछ बिजली के खंभे नीचे से जंग खाकर कमजोर हो चुके हैं और तारों की स्थिति भी ठीक नहीं है। लोगों ने कहा कि इन समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो हादसे का खतरा बना रहेगा।
सभासद बोले- कई बार दिया ज्ञापन, फिर भी नहीं हुआ समाधान
जिला योजना समिति सदस्य एवं स्थानीय सभासद मोहम्मद अफजल ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि वार्ड की समस्याओं को लेकर अधिशासी अधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष को कई बार ज्ञापन दिया जा चुका है। इसके बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
सभासद के अनुसार कागजों पर कई विकास कार्य स्वीकृत होने की बात कही गई है, लेकिन उनके अनुसार धरातल पर अभी तक काम शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने वार्ड की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
प्रदर्शन में प्रीतम सिंह, आशीष सिंह, जाहिद अहमद गुड्डू, सैफ आजमी, दानिश इदरीशी, मो. राशिद, इसरार अहमद मिट्ठू, राधिका देवी, रामजन्म निषाद, मो. साहिल और फहीम अहमद सहित कई नागरिक मौजूद रहे।