
दीवानी न्यायालय परिसर स्थित पीएचसी में तैनात हैं डॉ. आदित्य यादव, चिकित्सकीय ज्ञान और व्यवहार के चलते अधिवक्ताओं में भी लोकप्रिय
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। दीवानी न्यायालय परिसर में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में तैनात डॉक्टर आदित्य यादव ने NEET-PG परीक्षा में सफलता हासिल कर जनपद का मान बढ़ाया है। उन्होंने परीक्षा में 517 अंक हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक 7716 प्राप्त की है। उनकी सफलता पर अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सदर तहसील क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी डॉ. आदित्य यादव वर्ष 2024 से जनपद में चिकित्सक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने अपनी सेवा की शुरुआत सठियांव ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से की थी। इसके बाद दीवानी न्यायालय परिसर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना होने पर उनकी तैनाती यहां कर दी गई।
दीवानी न्यायालय परिसर स्थित पीएचसी में सेवाएं देते हुए डॉ. आदित्य यादव ने अपने चिकित्सकीय ज्ञान और मरीजों के प्रति अच्छे व्यवहार से पहचान बनाई। अधिवक्ताओं के बीच भी वह काफी लोकप्रिय हैं।
डॉ. आदित्य यादव ने 30 अगस्त 2026 को NEET-PG की परीक्षा दी थी। परीक्षा परिणाम में 517 अंक के साथ उन्हें ऑल इंडिया रैंक 7716 मिली। इस सफलता के बाद अब वह स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा के अगले चरण में प्रवेश की ओर बढ़ेंगे।
डॉ. आदित्य यादव की सफलता की जानकारी मिलने पर दीवानी न्यायालय परिसर के अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। लोगों ने कहा कि उनकी मेहनत और लगन ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे जनपद को गौरवान्वित किया है।