

बड़े-बड़े गड्ढों में भरा बरसात का पानी, यात्रियों और रोडवेज कर्मियों को परेशानी
पूर्वी गेट के सामने ईंट के टुकड़े डालकर पानी रोकने का प्रयास, पश्चिमी गेट के सामने जलभराव से राहगीर परेशान
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शहर स्थित रोडवेज बस स्टेशन के दोनों गेटों के सामने सड़क की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों और यात्रियों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से समस्या और बढ़ गई है। कई दिनों से पानी जमा होने के कारण अब इससे दुर्गंध भी उठने लगी है।
रोडवेज के पूर्वी गेट के सामने सड़क के गड्ढों में ईंट के टुकड़े डाल दिए गए हैं। इससे यहां पानी का जमाव कुछ हद तक कम हुआ है, लेकिन पश्चिमी गेट के सामने स्थिति जस की तस बनी हुई है। गड्ढे में भरा गंदा पानी यात्रियों, राहगीरों, दुकानदारों और रोडवेज कर्मियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।
मुख्य मार्ग पर बने इन गड्ढों के कारण आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। खासकर बारिश के बाद पानी भर जाने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय दुकानदारों और यात्रियों का कहना है कि रोडवेज के सामने मुख्य मार्ग होने के बावजूद सड़क की हालत पर जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। लंबे समय से पानी जमा होने के कारण दुर्गंध फैल रही है। लोगों ने आशंका जताई कि गंदे पानी के जमाव से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से रोडवेज के दोनों गेटों के सामने सड़क की मरम्मत कराकर गड्ढों को जल्द से जल्द भरवाने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।