मुठभेड़ में दो इनामी चोरों के पैर में लगी गोली, खुला सात चोरियों का राज

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


तहबरपुर में पुलिस की घेराबंदी पर आरोपियों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल; तमंचे, कारतूस और 15,250 रुपये बरामद

SUV से हाईवे किनारे पहुंचते थे, गांवों में करते थे रेकी; रात में ताला काटकर उड़ाते थे जेवर और नकदी

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। तहबरपुर थाना पुलिस ने सोमवार की देर रात मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी 25-25 हजार रुपये के इनामी थे। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल आरोपियों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी तहबरपुर भेजा।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलशाद पुत्र नसरूद्दीन निवासी नगरिया कला, थाना फतेहगंज पूर्वी, बरेली और सोनू अली उर्फ असगर पुत्र शमशेर निवासी बजेड़ा भगवानपुर, थाना जैतीपुर, शाहजहांपुर के रूप में हुई है। दिलशाद के बाएं पैर और सोनू अली के दाहिने पैर में गोली लगी है।
करियाबर के पास पुलिस ने घेरा तो शुरू कर दी फायरिंग
पुलिस के अनुसार 28/29 सितंबर की रात तहबरपुर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग और वांछित आरोपियों की तलाश में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में वांछित दो आरोपी करियाबर गांव के पास सर्विस लेन पर मौजूद हैं और किसी वारदात की रेकी कर रहे हैं।
सूचना पर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सूर्य पाल, उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि घिरता देख दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। करीब 3:15 बजे दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो तमंचे, कारतूस और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे .315 बोर, दो खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस और 15,250 रुपये नकद बरामद किए। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने भी पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
SUV खड़ी कर गांवों में करते थे मकानों की रेकी
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गिरोह के काम करने का तरीका बताया। गिरोह के सदस्य हाईवे और एक्सप्रेस-वे के आसपास SUV खड़ी करते थे। इसके बाद आसपास के गांवों में ऐसे मकानों की रेकी की जाती थी, जिन्हें आसानी से निशाना बनाया जा सके।
रात में छत या घर के पीछे के रास्ते से मकान में प्रवेश कर ताला काटने वाली मशीन से दरवाजे, बक्से और अलमारी के ताले काटे जाते थे। इसके बाद सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली जाती थी। वारदात के बाद सभी सदस्य तय स्थान पर पहुंचते, जहां SUV चालक उन्हें लेकर फरार हो जाता था।
पांच जिलों में सात चोरी का खुलासा
पुलिस का दावा है कि पूछताछ और बरामदगी के आधार पर आजमगढ़ समेत पांच जनपदों में चोरी की सात घटनाओं का खुलासा हुआ है। इनमें तहबरपुर क्षेत्र की दो, बिलरियागंज क्षेत्र की दो और अंबेडकरनगर के जैतपुर थाना क्षेत्र की एक चोरी शामिल है। पुलिस के अनुसार गिरोह की गतिविधियों में अहरौला क्षेत्र की दो चोरी की घटनाएं भी शामिल रही हैं।
पहले भी चार सदस्य पकड़े जा चुके
पुलिस के अनुसार गिरोह के चार अन्य सदस्यों को 20 अगस्त 2026 को अहरौला और तहबरपुर पुलिस की अलग-अलग मुठभेड़ों में गिरफ्तार किया गया था। इनमें दिलकस, साहिल, वाजिद और फैजान शामिल थे। इनके कब्जे से तमंचे, कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 29,230 रुपये नकद, XUV-500, पांच मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए थे।
पुलिस के मुताबिक अब तक गिरोह के कुल छह सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि आफताब और नेसार फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
दिलशाद पर 13, सोनू पर सात मुकदमे
पुलिस के अनुसार दिलशाद के खिलाफ अलीगढ़, आजमगढ़ और अंबेडकरनगर में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें अलीगढ़ के इगलास थाने में वर्ष 2025 के छह मुकदमे तथा आजमगढ़ के अहरौला, बिलरियागंज और तहबरपुर के मामले शामिल हैं।
वहीं सोनू अली उर्फ असगर के खिलाफ कुल सात मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें अहरौला के दो, बिलरियागंज के दो, तहबरपुर के दो और अंबेडकरनगर के जैतपुर थाने का एक मुकदमा शामिल है।
मुठभेड़ समेत चोरी के मुकदमों में धाराएं बढ़ीं
मुठभेड़ के संबंध में तहबरपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 135/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस, 3/25/27 आर्म्स एक्ट और धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। चोरी से संबंधित मुकदमा अपराध संख्या 114/2026 और 116/2026 में भी धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
कार्रवाई में तहबरपुर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह, उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी, उपनिरीक्षक सूर्य पाल समेत थाना पुलिस, विशेष चोरी अनावरण टीम और सर्विलांस टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *