गौरी-अहरौला माइनर में मिला युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


पुलिया के पास पानी में उतराया मिला शव, घंटों प्रयास के बाद भी नहीं हो सकी पहचान, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सुबह खेतों की ओर निकले ग्रामीणों ने नहर में देखा शव, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

हिंदी न्यूज़ 24
अहरौला/आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के खजूरी गांव के पास मंगलवार सुबह गौरी से अहरौला जाने वाली माइनर में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शारदा सहायक खंड-32 की नहर की गौरी-अहरौला माइनर में पुलिया के पास पानी में युवक का शव उतराया देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
शव मिलने की खबर कुछ ही देर में आसपास के गांवों में फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर अहरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को माइनर से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शव को बाहर निकलवाने के बाद उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की गई और युवक के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की गई, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य माध्यमों से युवक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।
माइनर में युवक का शव मिलने के बाद घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *