

सेंट जेवियर्स स्कूल सम्मोपुर में हुई प्रतियोगिता, बोस सदन दूसरे और नेहरू सदन तीसरे स्थान पर रहा
आजमगढ़। सेंट जेवियर्स स्कूल सम्मोपुर के परिसर में रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन निदेशक प्रशांत चंद्रा, प्राचार्य विनय पांडेय, नवीनतम प्राचार्य संजय सिंह, उप प्राचार्य तरनी श्रीवास्तव और समन्वयिका शालिनी त्रिपाठी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता सदनवार आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विभिन्न प्रकार की सामग्री से आकर्षक राखियां तैयार कीं। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के परिणाम में आजाद सदन और गांधी सदन संयुक्त रूप से प्रथम रहे। बोस सदन को दूसरा और नेहरू सदन को तीसरा स्थान मिला।
विद्यालय प्रबंधन निदेशक प्रशांत चंद्रा ने कहा कि रक्षाबंधन सनातन संस्कृति और परंपरा से जुड़ा त्योहार है। यह भाई-बहन के अनूठे प्रेम, त्याग और समर्पण की भावना को दर्शाता है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ ही उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का अवसर देते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने प्राचार्य और उप प्राचार्य की कलाई पर राखी बांधकर स्नेह प्रकट किया। प्राचार्य ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अमर प्रेम का प्रतीक है। विद्यार्थियों ने शिक्षकों की मौजूदगी में बेहद खूबसूरत राखियां तैयार कीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में रिश्तों और भावनाओं से जुड़े पर्वों का विशेष महत्व है।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के शिक्षकों और प्रबंधन ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।