

रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर छात्र-छात्राओं ने इकोफ्रेंडली सामग्री से बनाई आकर्षक राखियां, गांधी हाउस दूसरे और बोस हाउस तीसरे स्थान पर
आजमगढ़। शहर के प्रतिष्ठित सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल में रक्षाबंधन पर्व की पूर्व संध्या पर राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों हाउस—नेहरू हाउस, आजाद हाउस, बोस हाउस और गांधी हाउस—के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने इकोफ्रेंडली सामग्री का प्रयोग कर आकर्षक और रचनात्मक राखियां तैयार कीं।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। सुबह से ही विद्यार्थी अपनी-अपनी कलाकृतियों को बेहतर बनाने और अपने हाउस को प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ स्थान दिलाने के लिए उत्साह के साथ जुटे रहे। प्रत्येक हाउस से 30-30 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रत्येक प्रतिभागी को तीन-तीन राखियां बनाने का कार्य दिया गया। इस प्रकार प्रत्येक हाउस के विद्यार्थियों ने कुल 90 राखियां तैयार कीं। विद्यार्थियों ने सीमित समय में कठिन परिश्रम और शानदार रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
ढाई घंटे में दिखी विद्यार्थियों की रचनात्मकता
प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को ढाई घंटे का समय दिया गया था। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार की कलाकृतियों और सजावटी सामग्री का प्रयोग करते हुए राखियों को आकर्षक रूप दिया। विद्यार्थियों ने राखियों की प्रस्तुति के साथ रक्षाबंधन से जुड़े विभिन्न तथ्यों, प्रसंगों और कहानियों के दृश्य भी प्रस्तुत किए।
निर्णायक मंडल ने की प्रतिभा की सराहना
प्रतियोगिता का मूल्यांकन मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका सिंह, हेड ऑफ डिपार्टमेंट बॉटनी तथा डॉ. वैशाली सिंह, हेड ऑफ डिपार्टमेंट कॉमर्स, महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के साथ विद्यालय के आवासीय प्रबंधक प्रदुम्न जायसवाल, अनिरुद्ध जायसवाल और प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने किया। निर्णायक मंडल में शामिल अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता को देखकर उनकी जमकर सराहना की। सभी हाउस के विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहतर होने के कारण विजेताओं का चयन करना निर्णायक मंडल के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। काफी विचार-विमर्श के बाद प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए।
आजाद हाउस ने मारी बाजी
प्रतियोगिता में आजाद हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गांधी हाउस द्वितीय, बोस हाउस तृतीय और नेहरू हाउस चतुर्थ स्थान पर रहा।
प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के अथक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभा को केवल अंकों में प्रदर्शित नहीं किया जा सकता। प्रतियोगिता विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता को निखारने का माध्यम है। अंत में प्रधानाचार्य ने विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों और छात्र-छात्राओं को रक्षाबंधन पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं तथा प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।