तेल से भरे टैंकर में लगी भीषण आग, तीन लोगों की जिंदा जल कर मौत, जीयनपुर में मालटारी मिर्ज़ापुर के पास हुआ हादसा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर

घटना के समय जीयनपुर से बिलरियागंज की तरफ जा रहा था डीजल लगा टैंकर


आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मालटारी-मिर्जापुर हाइडिल के पास सोमवार देर रात डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर विद्युत खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते टैंकर में आग लग गई और पूरा वाहन आग का गोला बन गया। हादसे में चालक, खलासी समेत तीन लोगों के जिंदा जलने से मौत हो गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डीजल लगाया टैंकर सोमवार की रात जीयनपुर से बिलरियागंज की तरफ जा रहा था। अभी टैंकर मलटारी मिर्जापुर विद्युत सर्विस स्टेशन के पास पहुंचा था कि पोल से टकरा गया। इसके बाद टैंकर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने भयावह रूप धारण कर लिया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी टैंकर के पास नहीं जा सका। देखते ही देखते पूरा टैंकर धू-धू कर जलने लगा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।


सूचना मिलते ही जीयनपुर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी तथा दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने का प्रयास देर रात तक जारी रहा। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आसपास के लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी। पुलिस के अनुसार इस हादसे में टैंकर में सवार तीन लोगों की मौत हो गई जिनके कंकाल बरामद कर लिए गए हैं। मृतकों में एक की पहचान प्रदीप कुमार निवासी मेहनगर, दूसरे की पहचान पतिराज निवासी महाराजगंज के रूप में की गई है। जबकि टैंकर चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में विद्युत खंभा भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *