
खेत से होकर गुजर रहे विद्युत तार की चपेट में आई 52 वर्षीय सरिता देवी, हादसे से परिवार में मचा कोहराम
हिंदी न्यूज़ 24
बरदह/आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के अहिरौली छतरपुर गांव के घाटमपुर पुरवा में रविवार को खेत में धान की फसल की निराई कर रही 52 वर्षीय महिला की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया।
गांव निवासी सरिता देवी (52) पत्नी अवधनारायण रविवार को दिन में घर से करीब चार मीटर दूर स्थित खेत में धान की फसल की निराई कर रही थीं। इसी दौरान खेत से होकर गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गईं। गंभीर रूप से झुलसकर वह खेत में ही गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बताया गया कि उनके जेठ शहाबुद्दीन राजभर खेत से होकर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सरिता देवी को खेत में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने बरदह थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा है। मृतका का पति प्रदेश में रहकर निजी काम करता है।