प्रेमिका के चक्कर में टावर पर चढ़ा आशिक, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


शादी की जिद पर अड़ा 25 वर्षीय युवक, युवती के परिजनों की मंजूरी न मिलने से था नाराज
पुलिस की घंटों चली मान-मनौव्वल के बाद प्रेमिका पहुंची तो टावर से नीचे उतरा युवक, दोनों पक्षों से पूछताछ

आजमगढ़। अजमतगढ़ क्षेत्र में शनिवार सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा खड़ा हो गया, जब 25 वर्षीय युवक टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और युवक को नीचे उतारने के लिए काफी देर तक मान-मनौव्वल करती रही।


अजमतगढ़ वार्ड नंबर-11 निवासी अजीम पुत्र असगर (25) शनिवार सुबह करीब सात बजे घर से निकला और टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि अजीम का एक युवती से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती के परिजनों की सहमति नहीं मिलने से दोनों के बीच विवाद चल रहा था।


पहले भी चौकी पहुंचा था मामला
बताया गया कि कुछ समय पहले अजीम ने कथित तौर पर युवती और उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज की थी। इसके बाद युवती ने अजमतगढ़ पुलिस चौकी में शिकायत की थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर समझाया था, जिसके बाद मामला शांत हो गया था।


टावर पर चढ़कर युवक ने लगाए आरोप
शनिवार सुबह टावर पर चढ़ने के बाद युवक काफी आक्रोशित नजर आया। वह गाली-गलौज करते हुए अपने पैसे हड़पने और उसे फंसाने का आरोप लगा रहा था। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक उसे समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया।


प्रेमिका पहुंची तो उतर आया टावर से
काफी मान-मनौव्वल के बाद जब युवती मौके पर पहुंची तो युवक उसे देखकर टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को जीयनपुर थाने ले गई, जहां पूरे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *