
धुआं और दुर्गंध निकलने पर हुई जानकारी, ग्रामीणों ने मशक्कत कर बुझाई आग, गैस सिलेंडर दूसरे कमरे में होने से टला बड़ा हादसा
हिंदी न्यूज़ 24
बरदह/आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के सिसवारा गांव में मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे बिजली के शार्ट सर्किट से एक घर के किचन में आग लग गई। किचन से धुआं और दुर्गंध निकलने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। शोर मचाने पर जुटे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किचन में रखा करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था।
गांव निवासी सुभाष बिंद पुत्र पनकी के घर के किचन में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
फ्रिज से लेकर अनाज तक जलकर नष्ट
आग से किचन में रखा फ्रिज, इनवर्टर, बैटरी, पंखा, प्रेस, हेलमेट, बर्तन समेत खाने-पीने का सामान और अनाज आदि जलकर नष्ट हो गया। किचन में टंगे सुभाष के शर्ट में रखे 400 रुपये गनीमत से बच गए।
परिजनों के अनुसार गैस सिलेंडर किचन से अलग स्थान पर रखा था। सिलेंडर किचन में होता तो आग और भयावह रूप ले सकती थी और बड़ा हादसा होने की आशंका थी। आग की तेज लपटों के चलते घर की अन्य दीवारों पर भी धुएं की कालिख जम गई।
पीड़ित परिवार ने आग से करीब 1.50 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान जताया है। सूचना मिलने पर राजस्व निरीक्षक कैलाश यादव और लेखपाल यादवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया।