
जमालपुर में राजभर समाज और मूल निवासी समाज पार्टी की बैठक में पहुंचे कांग्रेस प्रदेश प्रभारी, बोले- इसी माह पूरा होगा संगठन सृजन अभियान
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। सदर तहसील क्षेत्र के जमालपुर में आयोजित राजभर समाज और मूल निवासी समाज पार्टी की बैठक में पहुंचे कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
मीडिया से बातचीत में राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में संगठन सृजन अभियान चला रही है। प्रदेश के 134 जिलों और शहरों में जिलाध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने दावा किया कि इसी महीने के अंत तक उत्तर प्रदेश कांग्रेस का संगठन ऊपर से लेकर नीचे तक घोषित कर दिया जाएगा।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों को बंद कर निजी स्कूलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा महंगी होने के कारण गरीब, मजदूर, किसान, दलित और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए पढ़ाई मुश्किल होती जा रही है।
उन्होंने प्रदेश में अपराध के साथ महिलाओं और दलितों के उत्पीड़न की घटनाओं को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में शिक्षा, छात्रवृत्ति, आरक्षण, सूचना का अधिकार, खाद्य सुरक्षा और शिक्षा के अधिकार जैसे कई महत्वपूर्ण कदम उठाए थे।
राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में मूल निवासी, दलित और वंचित समाज के लोगों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
अगले महीने सीट बंटवारे पर होगी चर्चा
गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि संगठन सृजन का काम इसी महीने पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अगले महीने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि गठबंधन में जिन सीटों पर सहयोगी दल चुनाव लड़ेंगे, वहां भी कांग्रेस उनके प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी ताकत से काम करेगी।
साथ मिलकर आगे बढ़ना होगा
INDIA गठबंधन को लेकर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस बड़ा और प्रमुख दल होने के नाते अपने सहयोगियों को साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी समझती है। गठबंधन में घमंड की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। सभी दलों को आपसी समन्वय के साथ मिलकर आगे बढ़ना होगा।
बैठक में राजभर समाज और मूल निवासी समाज पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति पर विचार-विमर्श किया।