
पासपोर्ट के दुरुपयोग की जताई आशंका, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में विदेश भेजने का झांसा देकर ₹27 हजार की ठगी और फर्जी वीजा उपलब्ध कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला पुरानी बस्ती निवासी मनोज कुमार सोनकर ने आरोप लगाया है कि उनके मोहल्ले के रहने वाले अनिल चौधरी और गौतम कुमार ने उन्हें विदेश भेजने का भरोसा दिलाया। दोनों ने बताया कि उनकी पहचान संतोष कुमार यादव से है, जो विदेश भेजने का कार्य करता है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपियों के कहने पर उनकी मुलाकात संतोष कुमार यादव से कराई गई। संतोष ने विदेश भेजने का आश्वासन देते हुए उनका मूल पासपोर्ट अपने पास जमा करा लिया और प्रक्रिया शुल्क के नाम पर ₹27,000 की मांग की। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के बताए अनुसार अलग-अलग तिथियों में फोनपे के माध्यम से उक्त राशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि बाद में उसे जो वीजा उपलब्ध कराया गया, वह फर्जी निकला। जब उसने अपने पैसे और पासपोर्ट वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे और बाद में संपर्क भी बंद कर दिया। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि उसका मूल पासपोर्ट किसी आपराधिक या अवैध गतिविधि में इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे उसकी और उसके परिवार की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, ठगी गई धनराशि वापस दिलाने तथा उसका मूल पासपोर्ट सुरक्षित बरामद कराने की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।