
दोहरे हत्याकांड में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद, पैतृक संपत्ति के विवाद में हुई थी दोहरी हत्या
आजमगढ़। पवई थाना पुलिस ने दादा और चचेरे भाई की निर्मम हत्या के मामले में फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी आरोपी संतोष यादव को सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई भेजा गया।
पारिवारिक विवाद में की थी दोहरी हत्या
पुलिस के अनुसार, 9/10 जुलाई 2026 की रात पवई थाना क्षेत्र के ग्राम हेवती में पैतृक संपत्ति और पारिवारिक रंजिश को लेकर संतोष यादव ने अपने सगे दादा जगदम्बा प्रसाद और चचेरे भाई श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी फरार था, जिसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी आजमगढ़ ने ₹50 हजार का इनाम घोषित किया था।
घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पवई पुलिस ने हेवती-ओरिल मार्ग स्थित रसूलाबाद मोड़ पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा, लेकिन बारिश के कारण बाइक फिसल गई। खुद को घिरा देख उसने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
आलाकत्ल कुल्हाड़ी सहित तमंचा और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जीवित कारतूस, तीन खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP45W7734) तथा ₹600 नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पैतृक जमीन के बंटवारे और आर्थिक विवाद के चलते उसने अपने दादा और चचेरे भाई की हत्या की थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था।