
दीदारगंज के बुढ़ापुर कुतुबअली गांव की घटना, मायके में रहकर पिता की देखभाल कर रही थी 35 वर्षीया संध्या
बलरामपुर। जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के बुढ़ापुर कुतुब अली गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से 35 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। रसोई में खाना बनाते समय फर्राटा फैन में उतरे करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बुढ़ापुर कुतुबअली गांव निवासी राम अचल यादव की पुत्री संध्या (35) की शादी मेंहनगर क्षेत्र निवासी शशिभूषण यादव के साथ हुई थी। संध्या पांच बहनों में चौथे स्थान पर थी और उसका कोई भाई नहीं था। पिता की देखभाल के लिए वह शादी के बाद से अधिकांश समय अपने मायके में ही रह रही थी।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे संध्या रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान फर्राटा फैन में करंट उतर आने से वह उसकी चपेट में आ गई और गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संध्या अपने पीछे 12 वर्षीय आयुषी, 9 वर्षीय आदित्य यादव और 5 वर्षीय आर्या को छोड़ गई है। उसके पति शशिभूषण यादव रोजी-रोटी के सिलसिले में कानपुर में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव और हल्का प्रभारी अवधेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतका के पिता राम अचल यादव, तीनों मासूम बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।