

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर, आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने के निर्देश
मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, पोलिंग पार्टियों की व्यवस्था, निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण और मतदान सामग्री की उपलब्धता की हुई समीक्षा
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के साथ निर्वाचन तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि खंड शिक्षक निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से हो अनुपालन
बैठक में जिलाधिकारी ने प्रभावी आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप ही कार्रवाई करें। आचार संहिता का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पोलिंग पार्टियों के आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने पोलिंग पार्टियों के प्रस्थान स्थल, मतदान केंद्रों तक पहुंचने के मार्ग, रूट व्यवस्था और मतदान के बाद वापसी की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोलिंग पार्टियों के प्रस्थान एवं वापसी की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली जाए, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटीज (एएमएफ) यानी सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप, दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुगम आवागमन, साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आवश्यक फर्नीचर सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों का दोबारा निरीक्षण कर कमियों को चिह्नित करने और संबंधित विभागों के समन्वय से उनका समयबद्ध निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान से पहले सभी व्यवस्थाओं की पुनः समीक्षा कर ली जाए, ताकि कोई भी आवश्यक कार्य लंबित न रहे।
निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण और मतदान सामग्री की समीक्षा
बैठक में निर्वाचन कार्य में लगाए जाने वाले कार्मिकों की तैनाती एवं प्रशिक्षण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी कार्मिकों को उनके दायित्वों और निर्वाचन प्रक्रिया की समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा प्रशिक्षण निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए।
इसके साथ ही निर्वाचन सामग्री, आवश्यक संसाधनों, पोलिंग पार्टियों की जरूरतों और अन्य लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन सामग्री एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता का पहले से सत्यापन करने के निर्देश दिए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की कमी न होने पाए।
विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर समय से पूरा करें कार्य
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्व है, जिसे सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरा करना होगा। प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने दायित्वों के अनुसार कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करे और आवश्यक रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराए। उन्होंने निर्वाचन संबंधी तैयारियों की नियमित समीक्षा करने तथा सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी कर ली जाएंगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह, संजय चावला, उप जिलाधिकारीगण, समस्त नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।